
कोरबा। शहर के खुरमुरा क्षेत्र स्थित घंटाघर के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे में खुले बिजली के तार की चपेट में आने से एक नंदी (बैल) की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी देखने को मिली। गौसेवकों ने इसे नगर निगम की लापरवाही बताते हुए शहरभर में स्ट्रीट लाइट और बिजली के खंभों की तत्काल जांच कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, गौसेवक प्रकाश शर्मा (कुसमुंडा) को सूचना मिली कि घंटाघर के पास एक नंदी करंट की चपेट में आ गया है। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि स्ट्रीट लाइट के खंभे से बिजली का तार खुला हुआ था, जिसकी वजह से नंदी करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही ‘श्री गौ सेवा कुसमुंडा कोरबा’ की टीम के सदस्य अविनाश गुप्ता, सक्षम बनाफर एवं अन्य गौसेवक एम्बुलेंस वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। गौसेवकों ने नंदी के शव को सम्मानपूर्वक वहां से हटाकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया। समिति के सदस्यों ने बताया कि वे प्रतिदिन घायल और मृत गौवंश के रेस्क्यू एवं सेवा का कार्य करते हैं।

घटना के बाद गौसेवक प्रकाश शर्मा ने नगर निगम प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि शहर के सभी स्ट्रीट लाइट एवं बिजली के खंभों की तत्काल जांच कर खुले तारों को दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, ऐसे में खुले तार लोगों और बेजुबान पशुओं दोनों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा, “ये बेजुबान जानवर अपनी पीड़ा नहीं बता सकते। प्रशासन को ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी व्यक्ति या पशु के साथ इस तरह की दुर्घटना न हो।”
गौसेवा समिति ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं खुले बिजली के तार या इस प्रकार की कोई लापरवाही दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग और गौसेवा समिति को तत्काल दें, ताकि समय रहते हादसों को रोका जा सके।

