कोरबा में बर्थडे पार्टी बनी मौत की पार्टी: बोलेरो कैंपर से दोस्त को कुचलकर उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। जिले में जन्मदिन की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। दीपका निवासी 36 वर्षीय उज्जवल कुमार सिंह की कथित तौर पर उसके ही साथी ने बोलेरो कैंपर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट के बाहर हुई, जहां दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी अंजाम तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10–12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल कुमार सिंह के बीच कहासुनी हो गई। साथियों ने उस समय मामला शांत करा दिया, लेकिन रिजॉर्ट से बाहर निकलने के बाद दोनों के बीच विवाद फिर भड़क उठा।

आरोप है कि गुस्से में तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और उसने तेज रफ्तार से वाहन उज्जवल के ऊपर चढ़ा दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उज्जवल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद साथियों ने तत्काल उज्जवल को कोरबा के निजी चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उज्जवल कुमार सिंह, पिता चंद्रमा सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी दीपका के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक जन्मदिन की पार्टी… एक मामूली विवाद… और कुछ ही मिनटों में एक युवक की दर्दनाक मौत। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे कोरबा जिले को झकझोर कर रख दिया है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share