कोरबा में अपराधियों पर पुलिस की सख्ती जारी, कोरबा पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों के साथ की सुरक्षा बैठक

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस अपराधियों, गुंडागर्दी और अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) लखन पटले ने सर्राफा व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक आयोजित कर ज्वेलरी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में एएसपी लखन पटले ने व्यापारियों से कहा कि दुकानों में तैनात सभी सुरक्षा गार्डों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने बताया कि कई मामलों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा सुरक्षा गार्ड बनकर वारदातों को अंजाम देने की घटनाएं सामने आई हैं, इसलिए समय रहते सतर्कता बरतना आवश्यक है।

बैठक के दौरान ज्वेलरी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, कैमरों की कवरेज तथा रिकॉर्डिंग व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि सभी कैमरे नियमित रूप से संचालित रहें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके और आवश्यकता पड़ने पर अपराधियों की शीघ्र पहचान संभव हो।

इसके अलावा बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया गया। व्यापारियों से कहा गया कि ग्राहकों और कर्मचारियों के वाहनों को सड़क पर खड़ा न होने दें, जिससे जाम और सुरक्षा संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।

एएसपी लखन पटले ने बताया कि कोरबा पुलिस द्वारा शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाई गई है। साथ ही होटल, लॉज और ढाबों की नियमित जांच भी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में अवैध गतिविधियां संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। पुलिस आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

“कोरबा पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर कोतवाल प्रमोद डीकसेना, सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी, कोरबा जिले में पदस्थ सभी नव नियुक्त पीएसआई तथा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share