15 ब्लॉक-पंप हाउस में गुंडों पर टूटी पुलिस, घर-घर पहुंचकर दी चेतावनी… सड़क पर कराई उठक-बैठक!

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा। दो दिन पहले 15 ब्लॉक पंप हाउस क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुई हिंसक मारपीट के बाद कोरबा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। देर रात 25 से 30 पुलिसकर्मियों की टीम ने पूरे इलाके में बाइक पेट्रोलिंग कर गुंडा तत्वों पर शिकंजा कस दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी और सिविल लाइन थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ देर रात तक 15 ब्लॉक, पंप हाउस, तुलसी नगर और डीडीएम रोड में लगातार गश्त करते रहे।

पुलिस ने केवल सड़क पर ही नहीं, बल्कि गुंडागर्दी करने वाले युवकों के घर पहुंचकर उनके परिजनों को भी सख्त समझाइश दी कि यदि दोबारा ऐसी हरकत हुई तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। वहीं बिना वजह रात में घूम रहे युवकों को रोककर उठक-बैठक कराई गई और भविष्य में कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। जिन इलाकों में चार पहिया वाहन नहीं पहुंच सकते, वहां विशेष बाइक पेट्रोलिंग के जरिए पुलिस हर गली तक पहुंच रही है। गुंडा-बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

अब सवाल यही है—क्या पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से 15 ब्लॉक और पंप हाउस क्षेत्र में गुंडागर्दी पर लगाम लगेगी, या फिर अपराधी दोबारा सिर उठाने की कोशिश करेंगे?

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share