कोरबा। कोरबा के ट्रांसपोर्ट नगर चौक में ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के एक जवान ने अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए सड़क पर मिला एक मोबाइल सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की।

जानकारी के अनुसार, महिला भमिति श्रीवास किसी काम से निकली थीं। घर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनका मोबाइल फोन बैग में नहीं है। घबराई महिला ने तुरंत दूसरे नंबर से अपने मोबाइल पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले ट्रैफिक जवान ने बताया कि मोबाइल उन्हें ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर मिला था और उन्होंने उसे सुरक्षित अपने पास रख लिया है।
सूचना मिलने पर महिला ट्रांसपोर्ट नगर चौक पहुंचीं, जहां ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक जवान ने पहचान की पुष्टि के बाद उनका मोबाइल सुरक्षित वापस सौंप दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर महिला ने ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी की जमकर सराहना करते हुए कहा कि “आज के समय में इस तरह की ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है। कोरबा ट्रैफिक पुलिस आम जनता की इसी तरह सेवा करती रहे।”
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कोरबा यातायात पुलिस केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आम नागरिकों की मदद के लिए भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ खड़ी रहती है।

