
कोरबा। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने एवं बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना (गैर राजनीतिक संगठन), जिला कोरबा द्वारा 29 अगस्त 2026 (शनिवार) को प्रदेश स्तरीय भोजली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत ओपन थिएटर, घंटाघर, कोरबा से होगी, जहां से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का समापन डेंगुरनाला स्थित भोजली घाट में पारंपरिक विसर्जन के साथ होगा।

आयोजकों के अनुसार इस महोत्सव में प्रदेशभर से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, श्रद्धालु और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक भोजली पर्व और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार शाम सियान सदन, घंटाघर, कोरबा में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री उमा गोपाल सहित जिला पदाधिकारी अतुल दास महंत, एलेक्स टोप्पो, गंभीर दास, बसंत दास, खेम साहू, राजेश साहू, कन्हैया सुंदर, विमला ध्रुव, हेमंत नामदेव तथा संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने प्रदेश के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेश स्तरीय भोजली महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

