कोरबा। सावन माह में कनकी स्थित प्रसिद्ध कनकेश्वर धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोरबा पुलिस लगातार सेवा कार्य में जुटी हुई है। सर्वमंगला चौकी पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सावधानी बरतने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।

इसके साथ ही सर्वमंगला चौकी पुलिस के जवानों ने सेवा भाव का परिचय देते हुए पैदल एवं वाहन से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को चाय और शुद्ध पेयजल भी उपलब्ध कराया। पुलिस की इस पहल की श्रद्धालुओं ने सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कोरबा पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वाहन निर्धारित गति से चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कोरबा पुलिस का यह जनजागरूकता एवं सेवा अभियान लगातार जारी है।

