हसदेव बांगो बांध के 9 गेट खोले गए, 41 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए रविवार को बांध के 9 गेट खोल दिए गए। शाम करीब 4 बजे तक सभी गेटों की कुल ओपनिंग 6.00 मीटर दर्ज की गई। बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

जानकारी के अनुसार, वर्तमान में बांध में 16,700 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। वहीं, बांध के गेटों से 32,080 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा जल विद्युत संयंत्र के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी बाहर निकाला जा रहा है। इस तरह बांध से कुल 41,080 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज जारी है।

बांध का वर्तमान जलस्तर 358.60 मीटर दर्ज किया गया है, जो कुल जलभराव क्षमता का करीब 93.65 प्रतिशत है। पिछले सात घंटे में जलस्तर में करीब 7 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, बांध का जलस्तर जब तक 358.32 मीटर यानी करीब 92 प्रतिशत तक नहीं पहुंच जाता, तब तक गेट खुले रहने की संभावना है। जलस्तर निर्धारित स्तर तक पहुंचने के बाद गेटों को बंद किया जा सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि बांध में आने वाले अतिरिक्त पानी को जल विद्युत संयंत्र के माध्यम से भी बाहर निकाला जाएगा, जिससे जलस्तर को नियंत्रित किया जा सके।

बांध के गेट खुले होने और बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने को देखते हुए निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share