कोरबा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोरबा विधानसभा में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीय रिश्ते की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। डी-1, पंचवटी के पास स्थित शासकीय निवास में नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा आयोजित “बहनी मन संग राखी के तिहार” कार्यक्रम में 11 हजार से अधिक बहनें अपने विधायक और मंत्री भाई को रक्षासूत्र बांधने पहुंचीं।
सुबह से ही मंत्री निवास में बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं और बहनों ने उत्साह एवं अपनत्व के साथ मंत्री लखन लाल देवांगन की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री देवांगन ने भी बहनों का स्नेहपूर्वक स्वागत करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पहले पार्षद, फिर कोरबा नगर निगम के महापौर, कटघोरा से विधायक, संसदीय सचिव और अब कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री बनने तक कोरबा की बहनों ने जिस आत्मीयता से उन्हें अपना भाई मानकर स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह उनके लिए बेहद भावुक और गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि “बहनों का यह स्नेह और विश्वास उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। रक्षाबंधन पर हजारों बहनों का आशीर्वाद मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।”

कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में रक्षाबंधन का उत्सवी माहौल रहा। बड़ी संख्या में बहनों की मौजूदगी ने “बहनी मन संग राखी के तिहार” को यादगार बना दिया। मंत्री देवांगन ने सभी बहनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा अपने क्षेत्र की बहनों के सुख-दुख में भाई की तरह उनके साथ खड़े रहेंगे।


