कोरबा में नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार! गांजा बेचते युवक को दबोचा, 305 ग्राम गांजा बरामद

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

राताखार अटल आवास में पुलिस की घेराबंदी, गांजा सेवन के मामले में भी कार्रवाई; ऑपरेशन बाज के तहत 5 वारंटी गिरफ्तार

कोरबा। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने के आरोप में 25 वर्षीय राजू केसरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 305 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया। वहीं, एक अन्य मामले में गांजा सेवन के लिए रखने वाले युवक के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि राताखार स्थित अटल आवास निवासी राजू केसरी गांजे की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 305 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में अपराध क्रमांक 830/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) में कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गांजा सेवन के मामले में भी कार्रवाई

इसी क्रम में पानी टंकी नर्सरी मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय शंकर दास के पास से गांजा सेवन के लिए रखा गया 5 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।

पांच वारंटी भी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत ऑपरेशन बाज के अंतर्गत पांच वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search