

कोरबा। छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत 1 अक्टूबर 2026 को नगर निगम कोरबा के सभागृह में साइबर चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के संदेश के साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और आमजन उपस्थित रहे।
साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए OTP फ्रॉड, अनजान लिंक, फर्जी APK, QR कोड, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि वे किसी के साथ OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता बढ़ाने और मोबाइल-इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील की। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने परिवार और समाज के लोगों को भी साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मंत्री ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ
मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। लोगों ने OTP साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और स्वयं के साथ दूसरों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ सेल्फी बोर्ड पर मंत्री, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने हस्ताक्षर और सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने किया रक्तदान
साइबर चौपाल के साथ आयोजित रक्तदान शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आमजन से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। शिविर के माध्यम से साइबर सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा का संदेश भी दिया गया।

15 अगस्त से जिलेभर में चल रहा अभियान
कोरबा पुलिस द्वारा 15 अगस्त 2026 से साइबर जागृति अभियान के तहत जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूल-कॉलेज, बाजार, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों और गणेश पंडालों में लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
