शिकायत के बाद पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम, सांभर का सैंपल जांच के लिए लिया; क्रय-विक्रय पर लगाया प्रतिबंध
कटघोरा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज कटघोरा स्थित मुरली होटल एवं शारदा स्वीट्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायत के आधार पर सांभर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।

जांच टीम को प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित फर्म को आगामी आदेश तक बंद रखने का नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही प्रतिष्ठान के क्रय-विक्रय पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से कटघोरा के होटल एवं मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व स्वच्छता सुनिश्चित करना है।
