
**कोरबा।** दीपावली का पर्व अपनों के साथ खुशियां बांटने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं अपनत्व का संदेश देने का त्योहार है। इसी भावना को साकार करते हुए कोरबा पुलिस ने एक अनूठी और संवेदनशील पहल की। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सर्वमंगला मंदिर स्थित नवदृष्टि प्रशांति वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों के साथ दीपावली का पर्व मनाया।

इस विशेष आयोजन के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने बुजुर्गों की आरती उतारी और उन्हें मिठाई भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित किए और पटाखे फोड़कर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान वृद्धाश्रम का माहौल खुशियों और आत्मीयता से सराबोर हो गया। पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
कोरबा पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ संवेदनशीलता और मानवीय संबंध बनाए रखना भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

दीपावली के अवसर पर बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाली कोरबा पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। यह आयोजन सामाजिक सरोकार, सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं की एक सुंदर मिसाल बनकर सामने आया।
