
कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा में चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। बस के केबिन में धुएं का गुबार भरते ही यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
देखें वीडियो… चलती बस में आग लगने के बाद मची अफरा-तफरी।
मिली जानकारी के अनुसार, यादव बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कटघोरा तहसील चौक के पास अचानक बस के गियर बॉक्स में आग लग गई। देखते ही देखते बस के केबिन में धुआं भरने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोका और बिना देर किए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
बताया जा रहा है कि बस का गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
बस में अचानक आग लगने की घटना के चलते कुछ देर तक सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने से एक बड़ा हादसा टल गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
