CSEB में बड़ा वित्तीय घोटाला! कर्मचारी की ग्रेच्युटी, बोनस और अनुग्रह राशि पर कर्मचारी ने ही डाला डाका, ₹56 हजार का गबन करने वाला गिरफ्तार

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। सरकारी विभाग में वित्तीय अनियमितता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSEB) में कार्यरत एक कर्मचारी ने ही दूसरे कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि पर कथित रूप से हाथ साफ कर दिया। RTGS के जरिए विभागीय खाते से कुल 56,065 रुपये अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर गबन करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी CSEB कॉलोनी, कोरबा पूर्व को उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत रहते हुए कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि के कुल 56,065 रुपये RTGS के माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर करना स्वीकार किया।

मामले में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 के तहत कार्रवाई की है।

विभागीय कर्मचारी की मेहनत की कमाई और सेवा लाभ की राशि को कथित तौर पर निजी खाते में पहुंचाने के इस मामले ने विभागीय लेन-देन और वित्तीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

कोरबा पुलिस की अपील: किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा वित्तीय अनियमितता की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल 112 पर सूचना दें।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share