शारदा विहार में दहशत फैलाने वाले बदमाश पर पुलिस का शिकंजा, 13 इंच के धारदार हथियार के साथ पंकज शर्मा गिरफ्तार

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कल खुलेआम लोगों को धमकाने और दुकान संचालक पर हमले की खबर ने खींचा था ध्यान, अब मानिकपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल; जिला बदर की कार्रवाई भी लंबित

कोरबा। शहर के शारदा विहार क्षेत्र में खुलेआम गुंडागर्दी, लोगों को धमकाने और दुकान संचालक पर हमला करने के मामले में अब पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कल सामने आई इस घटना के बाद कोरबा पुलिस ने आदतन अपराधी पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा धारदार लोहे का हथियार भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

शहर में खुलेआम हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की इस घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए थे। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद असामाजिक तत्वों में सख्त संदेश देने की कोशिश की गई है।

13 इंच का हथियार जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर में आरोपी पंकज शर्मा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 934/2026 दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।

आरोपी के कब्जे से जब्त हथियार की कुल लंबाई लगभग 13 इंच है। इसमें करीब 10 इंच का धारदार फल और 3.5 इंच की मूठ बताई गई है।

पहले भी पुलिस की कार्रवाई, फिर भी नहीं सुधरा बदमाश!

मामला केवल एक घटना तक सीमित नहीं है। पुलिस के मुताबिक पंकज शर्मा क्षेत्र का आदतन अपराधी एवं गुंडा बदमाश है। उसके आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने के चलते जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जो अभी लंबित है।

इसके अलावा आरोपी के विरुद्ध पहले भी BNSS की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर किया गया था। इसके बावजूद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसकी बॉन्ड राशि जब्त करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है।

पुलिस की कार्रवाई से क्या थमेगी शहर में गुंडागर्दी?

शारदा विहार में सामने आई घटना ने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे कितनी सख्ती बरतती है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को डराने-धमकाने, हथियारों का प्रदर्शन करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तार आरोपी: पंकज शर्मा, उम्र 31 वर्ष, निवासी अमरैयापारा, कोरबा।

कोरबा पुलिस – सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share