एक आरोपी पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, दूसरे पर दो साल तक शादी का झांसा देकर शोषण करने की शिकायत; दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
कोरबा। महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए थाना उरगा क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई की है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोपों से जुड़े दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत मिलते ही जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहला मामला: शादी का झांसा देकर शोषण, फोटो वायरल करने की धमकी का आरोप

पहले मामले में प्रार्थिया ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई कि तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19 वर्ष), निवासी पताढ़ी, थाना उरगा, हाल मुकाम श्रवण मोहल्ला हरदीबाजार ने जान-पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा दिया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत धारा 64, 351(3) बीएनएस एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट में अपराध दर्ज किया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दूसरा मामला: दो साल तक शादी का भरोसा, फिर शादी से इनकार
दूसरे मामले में 21 वर्षीय कृष्ण कुमार कंवर, निवासी ग्राम जुनवानी, थाना उरगा के खिलाफ एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिया के अनुसार, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने अलग जाति और परिजनों की असहमति का हवाला देते हुए विवाह करने से इनकार कर दिया।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 16 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिला अपराधों पर कोरबा पुलिस का सख्त संदेश
दो अलग-अलग मामलों में त्वरित गिरफ्तारी को कोरबा पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के प्रति संवेदनशीलता और प्रभावी पुलिसिंग का हिस्सा बताया है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई, विवेचना और आरोपियों की पतासाजी को प्राथमिकता दी जा रही है।
शादी का झांसा देकर शोषण करने की शिकायत हो या धमकी देकर पीड़िता को डराने का मामला, उरगा पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि महिला संबंधी अपराधों में शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस | सजग कोरबा – सतर्क कोरबा।
