नकली सोने के जेवर लेकर पहुंचे थे ठग, सीएसईबी पुलिस ने वारदात से पहले दबोचा

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। यदि कोई व्यक्ति सोने के जेवर बेचने या गिरवी रखने का प्रस्ताव देता है, तो जरा संभलकर। आप सस्ता सोना के फेर में ठगी के शिकार हो सकते है। ऐसे ही एक गिरोह के तीन सदस्यों को सीएसईबी पुलिस ने पकड़ने में सफलता पाई है। आरोपियो से भारी मात्रा में सोने के नकली जेवर बरामद किया गया है।

दरअसल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शहर में वाहन जांच तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में टीपी नगर चौक में सीएसईबी पुलिस की टीम वाहन जांच कर रही थी। इस दौरान चौकी प्रभारी नवीन पटेल की नजर बाइक सवार युवकों पर पड़ी। जब बाइक सवारों को रोककर तलाशी ली गई तो तीन नग सोने के हार व 12 नग चूड़ी बरामद हुआ। युवक जेवर के संबंध में न तो दस्तावेज प्रस्तुत कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे सके। पुलिस बाइक सवार तीनो युवकों को पकड़कर चौकी ले आई। पूछताछ करने पर युवकों ने अपना नाम मिर्जापुर यूपी निवासी अभिनव श्रीवास्तव व मोहम्मद आमिर खान तथा ग्राम नोनबिर्रा करतला निवासी शेख मुनव्वर बताया। पुलिस को पूछताछ के दौरान संदेह हुआ। ज्वेलरी शाप में सराफा कारोबारी से जांच कराने पर जेवर नकली होने का खुलासा हुआ। दरअसल जेवर चांदी के थे, उस पर सोने की पालिश लगी थी। जिसका इस्तेमाल ठगी के लिए होने की आशंका जताई जा रही है। बहरहाल बहरहाल धारा 102 के तहत जेवर को जप्त किया गया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कारवाई की गई है।

चूड़ी गिरवी रख बैंक को लगाया चूना

पुलिस को पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने निहारिका के समीप स्थित आईडीएफसी बैंक में चार नग चूड़ी गिरवी रखे है। इसके एवज में 1लाख 53 हजार रुपए लोन लिया है। मामले से पुलिस ने बैंक प्रबंधन को अवगत करा दिया है। हालांकि प्रबंधन की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share