स्वच्छता ही सेवा अभियान के समापन के साथ डीएवी खरमोरा में गांधी-शास्त्री जयंती मनाया गया

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा/डी ए वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल खरमोरा कोरबा में गांधी जयंती तथा लाल बहादुर शास्त्री जयंती मनाने के साथ-साथ “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम के अंतर्गत शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री हेमंतो मुखर्जी द्वारा विद्यालय में उपस्थित सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री तथा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण करके किया गया। सभी शिक्षकों ने दोनों महान नेताओं को उनके जयंती पर पुष्प अर्पित किए।
प्राचार्य मुखर्जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि हमें स्वयं स्वच्छ रहना है तथा दूसरे लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।


महात्मा गांधी ने आजाद भारत में स्वच्छ भारत एवं समृद्धि भारत का सपना देखा था। गांधी जी द्वारा चलाए गए अभियानों में “स्वच्छ भारत अभियान” सबसे सफल अभियानों में से एक है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल अपने कार्य स्थल, गली-मोहल्ले, घर तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना ही नहीं बल्कि मनुष्य की आंतरिक स्वच्छता को भी दृढ़ बनाना है। इस कारण इस अभियान में “स्वभाव स्वच्छता एवं संस्कार स्वच्छता” को भी प्रमुखता दी गई है। हमारी भारतीय संस्कृति में कहा जाता है कि जहां पर स्वच्छता होती है वही लक्ष्मी जी का वास होता है। इसके साथ ही हमारे आसपास एक स्वस्थ वातावरण का निर्माण होता है, जो मनुष्य को शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रभावित करता है। इसलिए हम सभी को “स्वच्छता ही सेवा अभियान” कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए। इस अभियान में विद्यालय के नन्हे मुन्ने बच्चों के द्वारा ढेर सारा प्रोजेक्ट बनाया गया। अन्त में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share