*सूने घर का ताला तोड़कर लाखों के गहनों और नगदी पर हाथ साफ, बेटी की शादी के लिए रखा सामान ले उड़े चोर*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा। शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्लूडी कॉलोनी का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना तहसील कार्यालय में पदस्थ ओ.डी. लदेर के घर हुई, जब पूरा परिवार बिलासपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। चोरों ने घर में घुसकर अलमारी में रखे कीमती गहने और नकदी चोरी कर ली।

पीड़ित परिवार की बेटी की शादी जल्द होने वाली थी, जिसके लिए आभूषण और रकम जुटाई गई थी। पति की मृत्यु के बाद पत्नी अनुकंपा नियुक्ति पर तहसील कार्यालय में कार्यरत हैं और कठिन परिस्थितियों में बेटी के विवाह की तैयारियों में लगी थीं, लेकिन इस चोरी ने उनकी खुशियों को बड़ा झटका दे दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को संदेह है कि चोरी की इस वारदात में किसी ऐसे शख्स का हाथ हो सकता है, जिसे परिवार के बाहर जाने की जानकारी थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चोरी की यह वारदात बेहद सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई है। जहां से महज 50 मीटर की दूरी पर अजाक थाना और 200 मीटर की दूरी पर सिविल लाइन थाना स्थित है। बावजूद इसके चोरों ने बेखौफ होकर चोरी को अंजाम दिया, जिससे पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में चोरी और लूट की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

कोरबा में बीते कुछ महीनों में चोरी और लूट की घटनाओं में इजाफा हुआ है। आए दिन चोरी की नई वारदातें सामने आ रही हैं, जिससे नागरिकों में डर का माहौल है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search