कबाड़ पर नकेल, झगरहा में प्रशासन की सख्त कार्यवाही..

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। कोरबा जिले में अवैध कबाड़ व्यवसाय पर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। हाल ही में राताखार क्षेत्र में की गई कार्रवाई के बाद अब झगरहा इलाके में भी प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला है। झगरहा से प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह कदम उठाया गया है, जहां पर एक कबाड़ी, जो जायसवाल नाम से पहचाना जा रहा है, ने अपने कबाड़ अड्डे का विस्तार मुख्य सड़क तक कर लिया है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, जायसवाल द्वारा एकत्र किए गए स्क्रैप और अन्य सामग्री को पहले तो अपने निजी यार्ड में रखा गया, लेकिन धीरे-धीरे वह सामान सड़क तक फैल गया। इससे न केवल क्षेत्र की सौंदर्यता प्रभावित हो रही है, बल्कि यातायात में भी गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। यह सड़क ग्रामीण अंचलों की ओर जाती है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं।

स्थानीय निवासियों ने शुरुआत में स्वयं उस कबाड़ी से संपर्क कर स्थिति सुधारने की कोशिश की, लेकिन जब कोई सुधार नहीं हुआ, तो उन्होंने प्रशासन से शिकायत की। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया।

टीम यह जांच कर रही है कि इस कबाड़ यार्ड का संचालन किस नियम और अनुमति के अंतर्गत हो रहा है। यदि यह पाया गया कि यह कार्य बिना किसी वैध अनुमति के किया जा रहा है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सार्वजनिक सड़कों और रास्तों पर अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अन्य अवैध कबाड़ व्यवसायियों में भी हड़कंप मच गया है। लोगों को उम्मीद है कि इससे क्षेत्र में साफ-सफाई बनी रहेगी और यातायात भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share