पिथौरा. महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉक में भालू का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में एक भालू रोज एक ग्रामीण के घर को निशाना बनाता है और उस घर की रसोई में घुसकर तेल घी आदि पीने के बाद पका खाना भी खाकर आराम से टहलते हुए जंगल की ओर चला जाता है. भालू का व्यवहार पालतू या घर के किसी सदस्य के रूप में दिखाई देता है.शहर से 6 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम ठाकुरदिया खुर्द के समीप स्थित पहाड़ी के एक भालू ने ग्रामीणों को परेशान कर रखा है. ग्रामीण बताते हैं कि ठाकुरदिया खुर्द सहित आश्रित ग्राम टाडा पारा एवम खपराखोल के ग्रामीणों के बीच यह भालू खासा चर्चा में है. ग्राम के प्यारीलाल नायक एवं श्याम कुमार साहू ने उक्त सम्बन्ध में बताया कि एक भालू शाम दिन ढलते ही ग्राम में प्रवेश कर जाता है और बकायदा मुख्य द्वार से ही घर में प्रवेश कर सीधे रसोई घर में प्रवेश करता है और खाना, तेल, आलू, प्याज, दाल आराम से खा जाता है. इसके बाद रसोई की तलाशी लेकर तेल ढूंढकर तेल भी पी जाता है.
