*कोरबा में हसदेव नदी में फंसे किसान को 5 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बचाया गया*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read


कोरबा, गुरुवार शाम कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के बरबसपुर गाँव के पास हसदेव नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से अपनी बाड़ी देखने गए 51 वर्षीय किसान दुर्गा सिंह नदी के तेज बहाव में फंस गए। उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए एक पेड़ पर लगभग 45 फीट ऊपर चढ़कर शरण ली। करीब पाँच घंटे चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना गुरुवार शाम करीब 6:00 बजे की है, जब भिलाई खुर्द वार्ड नंबर 10 के निवासी दुर्गा सिंह हसदेव नदी किनारे अपनी बाड़ी में फसल देखने गए थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया और पानी का बहाव बेहद तेज हो गया। अन्य किसान समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी, लेकिन दुर्गा सिंह नदी में ही फंस गए। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने एक ऊँचे पेड़ का सहारा लिया।
ग्रामीणों से सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद उमेंद्र पटेल अपने साथियों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और तुरंत 112 व उरगा थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुँची और उच्च अधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद, जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम भी घटनास्थल पर पहुँची और किसान को बचाने के प्रयासों में जुट गई।
शुरुआत में पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को कुछ देर इंतजार करना पड़ा। इस दौरान, घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई थी। लगभग पाँच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, रेस्क्यू टीम ने दुर्गा सिंह को सकुशल पेड़ से नीचे उतारा और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। यह ऑपरेशन जिला प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share