कोरबा, छत्तीसगढ़: मानिकपुर चौकी क्षेत्र में स्कूली छात्रों के बीच मारपीट की एक और घटना सामने आई है। इस बार हेलीपैड के पास हुई इस झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह विवाद आत्मानंद स्कूल और डीएवी स्कूल के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। राहगीरों ने बीच-बचाव कर छात्रों को अलग किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
गौरतलब है कि यह महज दो दिन के भीतर छात्रों के बीच हिंसा की दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले एक स्कूली छात्र ने अपने साथी पर ब्लेड से हमला कर घायल कर दिया था। उस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर एक नाबालिग को गिरफ्तार भी किया था।
अब ताजा मामले में भी पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर शामिल छात्रों की पहचान करने में जुट गई है। छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति से अभिभावक भी चिंतित हैं और स्कूल प्रबंधन तथा पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस ने वीडियो जब्त कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित छात्रों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
