*पुलिस ने लिया वृद्धजनों का आशीर्वाद, साथ बैठकर किया भोजन*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

 

कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के अवसर पर कोरबा पुलिस ने सामाजिक सद्भाव और सम्मान की अनूठी मिसाल पेश की। जिले के पुलिसकर्मियों ने सर्वमंगला मंदिर परिसर स्थित प्रशांति विद्याश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्ध जनों का न केवल आशीर्वाद लिया, बल्कि उनके साथ बैठकर स्नेहपूर्ण भोजन भी किया।

 

समाज के बुजुर्गों के प्रति आदर व्यक्त करने और उनके अनुभवों से सीख लेने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। पुलिस के जवानों ने वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उनसे जीवन के अनुभवों को साझा करने का आग्रह किया। बुजुर्गों ने भी पुलिसकर्मियों के इस पहल की सराहना की और अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।


आत्मीयता से भरा माहौल
इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने वृद्ध जनों को किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने का भरोसा दिलाया। सभी पुलिस कर्मचारियों ने एक साथ जमीन पर बैठकर आश्रम के वृद्ध जनों के साथ भोजन ग्रहण किया, जिससे माहौल अत्यंत आत्मीय और भावुक हो गया। यह आयोजन इस बात का प्रतीक बना कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज के सभी वर्गों के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी रखती है।


ये रहे उपस्थित
इस मौके पर कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज तिवारी, सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी सहित थाना और चौकी के अन्य समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की नींव हैं और उनका सम्मान करना तथा उनकी देखभाल करना हम सभी का परम कर्तव्य है। इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search