
कोरबा, 5 जनवरी 2026. जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में नंदकुमार पटेल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उनका रक्तरंजित शव आरोपी जयशंकर के घर की बाड़ी के पास आंगन में पड़ा मिला। चेहरे पर गहरे जख्म साफ बता रहे थे कि वार क्रूरता से किए गए।

सूचना मिलते ही करतला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के लिए डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम और कोरबा साइबर सेल की विशेष इकाई को बुलाया गया। डॉग बाघा ने सेंट ट्रैक कर आरोपी जयशंकर के घर तक पहुंचाया, जो मृतक का पड़ोसी ही था। पूछताछ में सारी सच्चाई खुल गई।

सूत्रों के मुताबिक, मृतक नंदकुमार पटेल आरोपी जयशंकर की पत्नी जयकंवर के घर आता-जाता रहता था। रविवार रात वह वहां मस्ती-मजाक कर रहा था, जब जयशंकर ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। भड़कते विवाद में जयशंकर ने बाड़ी से डंडा उठाया और नंदकुमार के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक नंदकुमार शादीशुदा था और उसके बच्चे हैं। आरोपी जयशंकर भी विवाहित है। पुलिस ने हत्या के महज कुछ घंटों बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच जारी है।
