दोस्ती निभाने के नाम पर महिला को कट्टा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दोस्ती निभाने के नाम पर एक व्यक्ति ने कानून हाथ में ले लिया और अपने ही दोस्त की पत्नी को देशी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से देशी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

मामला जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के बांधापारा गांव का है। जानकारी के अनुसार, एक दंपती के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी बीच पति ने अपने दोस्त राजेश दुबे को बुलाया। बताया जा रहा है कि राजेश दुबे कट्टा और कारतूस लेकर मौके पर पहुंचा और घर में घुसते ही महिला को हथियार दिखाकर गाली-गलौज करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और मारपीट भी की।

घटना से घबराई पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जटगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और करीब 10 साल पहले अवैध हथियार लेकर कोरबा आया था, जिसे वह अब तक अपने पास रखे हुए था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि घरेलू विवाद के बीच आरोपी ने हस्तक्षेप करते हुए महिला को धमकाया, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share