कोरबा। पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार करीब 10 युवक झोराघाट से पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बालको थाना क्षेत्र के अजगरबहार के पास तेज रफ्तार ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सोनू यादव और सत्यम यादव के रूप में हुई है। दोनों युवक खरमोरा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना पर पहुंची राहगीरों और उनके अन्य साथियों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

