कोरबा ब्रेकिंग

कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित आर. शिशु मंदिर स्कूल के पास ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक यादव और उसके एक नाबालिग साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की शुरुआत सड़क पर साइड देने को लेकर हुए मामूली विवाद से हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने ऑटो चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक का उपचार जारी है।
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात कैद हो गई थी। इस सनसनीखेज फुटेज को सबसे पहले THEVOICES NEWS ने प्रमुखता से प्रसारित किया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिषेक यादव का घटनास्थल से न्यायालय तक पैदल जुलूस भी निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस के अनुसार, घटना में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं नाबालिग आरोपी के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत पृथक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

