घर बनाने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद, जमकर चले पत्थर और डंडे

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। रामपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत खपराभट्ठा इलाके में घर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं।

 

बताया जा रहा है कि खपराभट्ठा क्षेत्र में घर बनाने को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर फिर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से पत्थरबाजी और डंडों से हमला किया गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही।

घटना की सूचना मिलते ही रामपुर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share