कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा थाना कोतवाली क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर अंतर्गत मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो वारदातों का कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है।

महाविद्यालय की इमारत को निशाना बनाते हुए आरोपियों ने पुरानी इस्तेमाल की हुई एल्यूमिनियम की खिड़कियां चोरी की थीं। मामले में अपराध क्रमांक 685/2026 एवं 687/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों आरोपियों की दोनों चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम तथा घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल जप्त किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर कश्यप (22), आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21) और ईश्वर बंजारे (21) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(1), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को चोरी का सामान बिक्री के लिए रखा हुआ दिखाई दे या कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी के सामान के साथ नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार, समय पर दी गई सूचना किसी बड़ी चोरी या अपराध का खुलासा करने में अहम भूमिका निभा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान आवश्यकतानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

कोरबा पुलिस — सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share