वीआईपी रोड पर शराबियों का हाईवोल्टेज ड्रामा, राहगीरों में दहशत

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। शहर के बुधवारी मुख्य मार्ग स्थित वीआईपी रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो युवक कथित रूप से शराब के नशे में उत्पात मचाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक हाथ में शराब की बोतल लेकर सड़क पर हंगामा कर रहे थे और राहगीरों को मारपीट की धमकी दे रहे थे।

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोगों ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो एक युवक ने पुलिस के सामने ही पत्थर उठा लिया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना के कारण आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोशी की हालत में पहुंच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर हुए इस हंगामे से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवकों ने नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर उत्पात क्यों मचाया।

फिलहाल सीएसईबी चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share