*खबर का असर : ‘मौत के खेल’ पर पुलिस सख्त, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, स्टंटबाज जल्द होंगे गिरफ्त में*

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कोरबा। शहर की सड़कों पर बेखौफ स्टंटबाजी कर आम लोगों की जान जोखिम में डालने वाले युवकों पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मोतीसागर पारा के युवकों द्वारा सीतामढ़ी से इतवारी बाजार तक किए गए खतरनाक स्टंट के मामले में द वॉइस में खबर प्रसारित होने के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।
इस मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक हथियारनुमा वस्तु के साथ नजर आने के चलते यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपियों के पकड़ में आते ही उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि वायरल वीडियो में 5 बाइकों पर सवार करीब 15 युवक शहर की व्यस्त सड़कों पर खुलेआम जानलेवा स्टंट करते नजर आए थे। कोई बाइक पर खड़े होकर करतब दिखा रहा था, तो कोई चलती बाइक पर लटककर अपनी जान के साथ-साथ राहगीरों की जान भी जोखिम में डाल रहा था। इस दौरान सड़क पर आम लोग, महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे।


सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो खुद ही शूट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया। वीडियो में ‘King of Korba Moti Sagar Para’ जैसे शब्दों के जरिए खुलेआम दबंगई का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।
खबर सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे, लेकिन अब कार्रवाई शुरू होने से यह साफ हो गया है कि वायरल वीडियो ने पुलिस को सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया है।


कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कड़ी चेतावनी दी है कि वे कानून के खिलाफ कोई भी काम न करें और न ही ऐसे खतरनाक स्टंट का वीडियो या रील बनाएं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “विधि के विरुद्ध कोई भी कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।”
घटना के बाद स्थानीय लोगों में राहत की भावना है, वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करेगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share