कोरबा की भीषण गर्मी में युवकों का अनोखा जुगाड़, चलती बाइक पर बाल्टी रखकर नहाने का वीडियो वायरल

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बढ़ते तापमान के बीच लोग गर्मी से राहत पाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इसी बीच कोरबा के कुछ युवकों का एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

वायरल वीडियो में दो युवक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर शहर की सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि बाइक के बीच में पानी से भरी एक बड़ी सफेद बाल्टी रखी हुई है। पीछे बैठा युवक डिब्बे से पानी निकालकर कभी खुद पर तो कभी बाइक चला रहे दोस्त के सिर पर डालता दिखाई दे रहा है। युवकों का यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

वीडियो में बैकग्राउंड में “चुभती जलती गर्मी का मौसम आया” और “ठंडा ठंडा कूल कूल” जैसे गाने भी सुनाई दे रहे हैं, जिससे वीडियो और भी मजेदार बन गया है। एक जगह युवक नगर निगम के बड़े पहिएनुमा आर्टवर्क पर बैठकर पानी डालते और गर्मी से राहत लेते भी दिखाई दे रहे हैं।

“कोरबा गर्मी” कैप्शन के साथ शेयर किए गए इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे गर्मी से बचने का “देसी जुगाड़” बता रहे हैं, तो वहीं कई लोगों ने चलती बाइक पर इस तरह की हरकत को जोखिम भरा भी बताया है।

हालांकि यह वीडियो मनोरंजन का केंद्र बना हुआ है, लेकिन सड़क पर इस तरह स्टंट करना हादसे का कारण भी बन सकता है। पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील करते रहे हैं।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share