8 घंटे में ज्वेलरी चोरी का खुलासा: अंतर्राज्यीय महिला गिरोह गिरफ्तार, 4.5 लाख के जेवर बरामद

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read


कोरबा। सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय महिला गिरोह की तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानों में प्रवेश करती थीं और चालाकी से चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को दोपहर करीब 12:30 बजे तीन महिलाएं ज्वेलरी दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचीं। आभूषण देखने के दौरान उन्होंने दुकानदार को बातचीत में उलझाया और मौका मिलते ही सोने के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की।


तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नसीम बीबी, रजिया बीबी और मीनू चक्रवर्ती के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले की निवासी हैं।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए दो सोने के चैन और एक लॉकेट बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त XUV300 कार को भी जब्त कर लिया गया है।


जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में सक्रिय है और सुनियोजित तरीके से ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाता है। गिरोह की महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानों में प्रवेश करती हैं और दुकानदार का ध्यान भटकाकर चोरी की वारदात को अंजाम देती हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही अन्य राज्यों में इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं, व्यापारियों को सतर्क रहने और दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की सलाह दी गई है।

 

“घटना के बाद तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय है, जिसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।”

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share