
कोरबा। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिला मुख्यालय में करीब 100 से 150 निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई।

मीडिया को जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि जिले के चिन्हित बदमाशों को थाने बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई भी बदमाश दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने सभी बदमाशों के फिंगरप्रिंट्स और अन्य रिकॉर्ड अपडेट किए हैं, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के हिस्ट्रीशीटरों पर पैनी निगरानी रखें।
इस दौरान एएसपी पटले ने एक सकारात्मक पहल की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो लोग पिछले 10 से 12 वर्षों से अपराध से दूर हैं और समाज की मुख्यधारा में लौट चुके हैं, उन्हें “माफी बदमाश” की सूची में शामिल करने की योजना है। इससे ऐसे लोगों को बार-बार थाने आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे सामान्य जीवन जी सकेंगे।
कोरबा पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
