बंटवारे के विवाद में युवक की संदिग्ध मौत, भाई पर हत्या का आरोप

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कोरबा। जिले में बंटवारे के विवाद के बीच एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के ससुराल पक्ष ने छोटे भाई पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढोंढीपारा निवासी उत्तम चौहान अपनी पत्नी गंगा बाई के साथ कुछ समय से बांकीमोंगरा के भेजीनारा में रहकर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि वह 15 मई को पिता के रिटायरमेंट के बाद मिले पैसों के बंटवारे को लेकर अपने भाई ननकू चौहान के घर ग्राम बतारी गया था।

परिजनों के अनुसार वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उत्तम गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में दो युवक उसे घायल अवस्था में भेजीनारा लेकर पहुंचे। पूछताछ करने पर बताया गया कि निर्माणाधीन मकान में सोते समय उसके ऊपर ईंट गिर गई थी, जिससे वह घायल हुआ है।

घटना के चार दिन बाद उत्तम को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर शव को मर्च्युरी में रखवा दिया और मामले की सूचना अस्पताल पुलिस चौकी को दी।

मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब पुलिस वैधानिक कार्रवाई पूरी कर पाती, उससे पहले ही मृतक की पत्नी, देवर और अन्य परिजन अस्पताल से गांव लौट गए। बाद में पुलिस ने संपर्क कर उन्हें वापस बुलाया, जिसके बाद पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा सकी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इधर मृतक के साला तीजाराम चौहान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ननकू चौहान ने उत्तम के सीने पर पैर रखकर हमला किया और ईंट से मारपीट की। अस्पताल में इलाज के दौरान उत्तम ने खुद यह बात बताई थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share