“तीन दिन बाद खोदी गई कब्र, बाहर निकला नवविवाहिता का शव… मौत या मर्डर? कोरबा में रहस्यमयी मौत से सनसनी”

Thevoicesnews
Thevoicesnews
2 Min Read

कोरबा। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शादी के कुछ समय बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए शव को दफना दिया गया। लेकिन जब मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई तो तीन दिन बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया।

मामला छिरहुट गांव का है, जहां 23 वर्षीय घूरई बाई की मौत अब रहस्य बन गई है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसका पति दिलीप बैगा अक्सर चरित्र शंका को लेकर उससे विवाद करता था और इसी वजह से उसकी हत्या की गई है। परिजनों के आरोपों ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।

शिकायत मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

वहीं पति का कहना है कि उसकी पत्नी की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई थी। लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि यदि मौत सामान्य थी तो पोस्टमार्टम कराए बिना शव को इतनी जल्दी दफनाने की क्या वजह थी?

अब इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है। आखिर नवविवाहिता की मौत बीमारी से हुई या फिर उसके पीछे कोई खौफनाक साजिश छिपी है? इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share