कोरबा। शहर के बुधवारी वीआईपी रोड मुख्य मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर के पास फैलाई जा रही गंदगी अब बड़ी समस्या बनती जा रही है। स्थानीय लोगों और दुकान संचालकों की लापरवाही के कारण ट्रांसफार्मर के आसपास लगातार कचरा फेंका जा रहा है, जिससे विद्युत विभाग और आम जनता दोनों परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवारी क्षेत्र में बाउंड्री वॉल के अंदर लगे सीएस के ट्रांसफार्मर के नीचे और आसपास लोगों द्वारा रोजाना कचरा डाला जाता है। बाउंड्री वॉल के भीतर कचरा जमा होने के कारण नगर निगम की सफाई टीम भी नियमित रूप से सफाई नहीं कर पाती। रविवार सुबह भीषण गर्मी के बीच किसी असामाजिक तत्व या लापरवाह व्यक्ति द्वारा कचरे में आग लगा दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी लपटें ट्रांसफार्मर तक पहुंच गईं।
आग की चपेट में आने से ट्रांसफार्मर से जुड़े विद्युत तार जल गए, जिसके चलते आसपास के क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। घटना के बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के पास लगातार कचरा फेंके जाने की शिकायत पहले भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कुछ व्यवसायी और लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं।

एक ओर शासन और नगर निगम स्वच्छ भारत अभियान के तहत शहर को स्वच्छ रखने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लापरवाह लोग प्रशासन के प्रयासों पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं। उनकी इस लापरवाही का खामियाजा विद्युत विभाग, नगर निगम और आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि ट्रांसफार्मर के आसपास कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

