
कोरबा। कोरबा से रजगामार जाने वाले प्रमुख मार्ग पर रिसदी चौक के पास सड़क की बदहाली अब राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और खराब सतह के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बनती रहती है, बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
रिसदी चौक क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने, गड्ढों से बचने और रास्ता बदलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ऐसे में कभी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

पहले भी उठी आवाज, फिर भी हालात जस के तस
सड़कों की बदहाली को लेकर कुछ समय पहले यूथ कांग्रेस द्वारा नगर पालिका निगम का घेराव कर विरोध दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

कोरबा में सड़कों की बदहाली कोई नई समस्या नहीं है। बारिश के बाद कई प्रमुख मार्गों की हालत और भी खराब हो गई है। जनता रोजाना इन सड़कों से गुजरते हुए परेशानी झेल रही है, लेकिन सवाल यह है कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की नजर आखिर कब पड़ेगी?

जनता पूछ रही है—हादसा होने के बाद जागेगा प्रशासन?
स्थानीय लोगों की मांग है कि रिसदी चौक के पास खराब सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत एवं सड़क सुधार का काम कराया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि जनता की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हैं या फिर किसी बड़े हादसे अथवा बड़े आंदोलन के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी।
