दुष्कर्म और तिहरे हत्याकांड की विवेचना करने वाले योगेश साहू को मिला केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक–2026

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

24 घंटे में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, 24 दिन में न्यायालय में पेश की थी चार्जशीट; पांच आरोपियों को मिली मृत्युदंड की सजा

कोरबा/कांकेर। कोरबा जिले के बहुचर्चित सामूहिक दुष्कर्म एवं तिहरे हत्याकांड की उत्कृष्ट विवेचना करने वाले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में वे उत्तर बस्तर कांकेर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनकी इस उपलब्धि से कांकेर पुलिस सहित कोरबा पुलिस महकमे में भी हर्ष का माहौल है।

श्री योगेश कुमार साहू को यह राष्ट्रीय सम्मान कोरबा में पदस्थापना के दौरान किए गए उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने थाना लेमरू में वर्ष 2021 में दर्ज एक बेहद संवेदनशील सामूहिक दुष्कर्म एवं तिहरे हत्याकांड की विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस जघन्य वारदात में पहाड़ी कोरवा जनजाति के एक परिवार के पिता, उनकी नाबालिग पुत्री और नातिन की निर्मम हत्या की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कराया। इसके साथ ही वैज्ञानिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर मात्र 24 दिनों के भीतर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया।

मजबूत विवेचना और प्रभावी साक्ष्य संकलन का परिणाम रहा कि इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध अपराध सिद्ध हुए। माननीय अपर सत्र न्यायाधीश, FTSC (POCSO), कोरबा ने 15 जनवरी 2025 को ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए पांच आरोपियों को मृत्युदंड तथा एक अन्य आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

31 अक्टूबर को घोषित होता है दक्षता पदक

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों-कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत ऑपरेशन, अनुसंधान, खुफिया सेवा और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाता है। इस पदक की घोषणा प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की जाती है।

श्री योगेश कुमार साहू को मिला यह सम्मान उनकी पेशेवर दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और गुणवत्तापूर्ण पुलिस अनुसंधान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। कांकेर पुलिस ने इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share