
कोरबा। समाज कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और जय शकुंतला वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत ने 100 से अधिक बुजुर्गों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित ‘सियान गुड़ी’ (सीनियर सिटीजन सेंटर) की गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि इन केंद्रों के माध्यम से बुजुर्गों को योग, स्वास्थ्य परामर्श, नियमित स्वास्थ्य जांच, डिजिटल साक्षरता, पोषण संबंधी मार्गदर्शन तथा मनोरंजन जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे सम्मानपूर्वक और स्वस्थ जीवन जी सकें।
इस अवसर पर सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में कोरबा जिला चिकित्सालय से पहुंचे डॉक्टरों की टीम ने उपस्थित बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
इस दौरान अंजली महंत (डाटा एंट्री ऑपरेटर), बीरा दास महंत (बालको) तथा रतन दीप गुप्ता (वाइस प्रेसिडेंट) सहित अन्य अतिथियों ने भी वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए संचालित प्रयासों की सराहना की।

