सूने मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, अलमारी तोड़ सोना-चांदी और नगदी ले उड़े चोर

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read


कोरबा। कोरबा शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी का है, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवर, नगदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग के कर्मचारी भारत लाल साहू अपने क्वार्टर क्रमांक एचपीटी A2/25 में परिवार सहित रहते हैं। किसी आवश्यक कार्य से वे घर से बाहर गए हुए थे और मकान में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोना-चांदी के जेवर, 30 से 35 हजार रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह जब भारत लाल साहू घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी टूटी हुई थी और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 से 2.5 लाख रुपये है।


घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। सूने मकानों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share