कोरबा में खूनी रात! मामूली बात पर ऑटो चालक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

Thevoicesnews
Thevoicesnews
3 Min Read

कोरबा। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित आर. शिशु मंदिर स्कूल के पास देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रास्ते से हटने की बात कहने पर कुछ युवकों ने एक ऑटो चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ युवक सड़क किनारे बैठे हुए थे। उसी दौरान वहां से एक ऑटो चालक गुजर रहा था। ऑटो चालक ने रास्ता खाली करने और साइड होने के लिए कहा, लेकिन बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोप है कि युवकों ने ऑटो चालक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। उधर, वारदात की खबर फैलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होते ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रात में पुलिस गश्त पर उठे सवाल

इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि रात के समय असामाजिक तत्व खुलेआम सड़कों पर घूमते हैं और आए दिन मारपीट, चाकूबाजी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने क्षेत्र में नियमित और प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share