कोरबा। कोरबा जिले के टीपी नगर चौक स्थित रेलवे फाटक के पास यातायात ड्यूटी के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का मोबाइल फोन मिला। ड्यूटी पर तैनात यातायात जवान ने अपनी जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए मोबाइल को सुरक्षित अपने पास रखा।
कुछ देर बाद मोबाइल पर उसके मालिक का फोन आया। यातायात जवान ने कॉल रिसीव कर मोबाइल मिलने की जानकारी दी और संबंधित व्यक्ति को टीपी नगर चौक बुलाया। पहचान की पुष्टि होने के बाद मोबाइल उसके वास्तविक मालिक को सकुशल वापस सौंप दिया गया।
अचानक अपना मोबाइल वापस मिलने पर मालिक ने यातायात जवान का आभार व्यक्त किया और उनकी ईमानदारी की सराहना की। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कोरबा यातायात पुलिस केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सहायता और उनके विश्वास को बनाए रखने के लिए भी पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
स्थानीय लोगों ने भी यातायात जवान के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे पुलिस की सकारात्मक और जनहितैषी छवि का उदाहरण बताया।

