कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक यात्री बस का चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया, वहीं बस की डिक्की से 11 बकरियां अवैध रूप से परिवहन करते हुए बरामद की गईं।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एएसआई चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पेंड्रा से कोरबा आ रही जय श्री बस सर्विस को रोककर जांच की गई।

पुलिस द्वारा चालक का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण करने पर वह अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। इस पर उसके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
इसके बाद बस की डिक्की की तलाशी लेने पर उसमें 11 बकरियां अवैध रूप से परिवहन करते हुए मिलीं। पुलिस ने अवैध पशु परिवहन से संबंधित प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया।
पसान पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने और अवैध परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


