
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुमान में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे पिता-पुत्र इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र बेहोश हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीराम पटेल और उनके पुत्र धनेसवर पटेल खेत में कृषि कार्य करने गए थे। बताया जा रहा है कि मनीराम पटेल खेत की मेड़ पर खड़े थे, जबकि उनका पुत्र धनेसवर खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों आ गए।
घटना के बाद धनेसवर पटेल कुछ समय तक बेहोश रहा। होश में आने के बाद उसने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से अपने पिता को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनीराम पटेल को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ। मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद ग्राम तुमान सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बारिश और गरज-चमक के मौसम में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

