राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; हत्या-दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों के आरोपी निकले शातिर बदमाश

Thevoicesnews
Thevoicesnews
4 Min Read
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.01_42bc2085
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.04_54eddaa3
WhatsApp Image 2025-07-20 at 10.53.03_12ad33f5

कोरबा/कटघोरा, । कोरबा जिले के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूट प्रयास मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल किया था। तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश कुमार ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में थाना कटघोरा और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

ग्राहक बनकर पहुंचे, कट्टा अड़ाकर लूट का प्रयास

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था।

आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा। जैसे ही दुकानदार काउंटर पर पहुंचे, एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा उनकी छाती पर तान दिया। आरोपियों ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया और आभूषण बैग में भरने लगे। इसी दौरान बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिससे घबराकर आरोपी मौके से भाग निकले। भागते समय वे चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा घटनास्थल पर ही छोड़ गए।

100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच से मिला सुराग

घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में दबिश दी।

पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड (38) और परदेशी राठिया (40) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विष्णु प्रसाद राठिया अभी फरार है।

जेल में बनी दोस्ती, बाहर आकर बनाई लूट की योजना

पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल की सजा काट चुके हैं। जेल में ही तीनों की दोस्ती हुई और रिहा होने के बाद उन्होंने लूट की योजना बनाई। इसके लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे की व्यवस्था कर राज ज्वेलर्स को निशाना बनाया।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी

दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में थाना कटघोरा, साइबर पुलिस और विशेष टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका को सराहनीय बताया है।

Share this Article
Home
Wtsp Group
Search
📲 Share