कोरबा। शहर में गुंडागर्दी, नशाखोरी और अपराध फैलाने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर का माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) लखन पटले ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी बिना रुके जारी रहेगा।

शाम ढलते ही सड़कों पर उतर रही पुलिस
ASP लखन पटले ने बताया कि प्रतिदिन शाम के समय शहरभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों से लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। तालाबों के किनारे, सुनसान स्थानों और सार्वजनिक जगहों पर नशाखोरी या हुड़दंग करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

अब बदमाशों के घर तक पहुंच रही पुलिस
कोरबा पुलिस अब सिर्फ सड़क पर नहीं, बल्कि आदतन अपराधियों के घरों तक पहुंचकर उनकी गतिविधियों की निगरानी कर रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि निगरानीशुदा बदमाश आजीविका के नाम पर क्या कर रहे हैं और कहीं दोबारा अपराध की दुनिया में तो सक्रिय नहीं हो गए हैं। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सुधर जाओ… वरना होगी सख्त कार्रवाई
ASP लखन पटले ने स्पष्ट कहा कि जो लोग अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जी रहे हैं, उन्हें समझाइश दी जा रही है। लेकिन जो अपराध का रास्ता नहीं छोड़ेंगे, उन्हें सूचीबद्ध कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी तरह की रियायत नहीं मिलेगी।

आम जनता की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
कोरबा पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि आम नागरिक बिना किसी भय के अपने दैनिक कार्य कर सकें।
ASP लखन पटले का संदेश:
“अपराधियों के लिए कोरबा में अब कोई जगह नहीं है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
“कोरबा पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर कोतवाल प्रमोद डीकसेना, सिविल लाइन थाना प्रभारी आशा शर्मा, सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी, कोरबा जिले में पदस्थ सभी नव नियुक्त पीएसआई तथा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

