कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत हसदेव डेम के पास एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नंदिनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदिनी एक ब्यूटी पार्लर में काम सीखने जाया करती थी।
परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह जब नंदिनी घर पर नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान आसपास के लोगों से सूचना मिली कि हसदेव डेम में एक युवती का शव दिखाई दिया है। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना दर्री थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


